ऊना-17 मार्च.ऊना में मैसेज इंडिया एडवरटाइजमेंट के लगभग तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने कड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने आरोपियों की 1.71 करोड़ की चल-अचल संपत्ति को जब्त किया है। इसमें भूमि, भवन, वाहन और अन्य प्रकार की संपत्ति शामिल है। प्रवीण कुमार व विजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह कार्रवाई की गई है। दोनों पर एडवरटाइजमेंट सर्विस एप के जरिये निवेशकों से तीन करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप है। प्रवीण कुमार व विजय कुमार ने यह कंपनी शुरू की थी और निवेशकों से प्रतिमाह वेतन का भुगतान करने का वादा किया था। बता दें कि करीब 6 वर्ष पहले ऊना में इंडिया एडवरटाइजमेंट सर्विस कंपनी शुरू हुई थी। लोगों को एंड्रॉयड एप के जरिये एसएमएस भेजकर पैसे कमाने का लालच दिया गया था। इसमें ऊना ही नहीं बल्कि प्रदेश सहित अन्य राज्यों के हजारों लोगों ने कंपनी के झांसे में आकर बड़ी रकम लगाई थी। बाद में 2018 में कंपनी का ऊना ऑफिस बंद कर दिया गया।
