शिमला-11अक्टूबर. प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार के जंगल में रास्ता भटक गए दो व्यक्तियों को चौपाल पुलिस ने सकुशल रेस्क्यू किया। 112 हेल्पलाइन के माध्यम से 11 अक्टूबर की रात पुलिस थाना चौपाल को इसकी सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दुर्गम वन क्षेत्र में दोनों की तलाश के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान रात करीब 3 बजे अजय कुमार (31), निवासी जिला कुल्लू, को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे नक्श ठाकुर (22), निवासी जिला सिरमौर, को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों ने खुद को स्वस्थ बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें मंडाहलाणी में उनके अन्य साथियों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील
शिमला पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि चूड़धार जैसे दुर्गम क्षेत्रों में ट्रेकिंग और भ्रमण के दौरान विशेष सावधानी बरतें। निर्धारित रास्तों पर ही चलें और यात्रा से पहले मौसम व स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लें। पुलिस ने पर्याप्त तैयारी के साथ ही ऐसे क्षेत्रों की यात्रा करने की सलाह दी है।
