शिमला-12 अक्टूबर. लाहुल स्पिति की डीसी किरण भड़ाना के पिता व राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। यह घटना क्रेशर प्लांट और खनन लीज के विवाद को लेकर रविवार शाम को वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव में हुई। इस घटना की खबर मिलने के बाद डीसी लाहौल स्पीति राजस्थान के लिए रवाना हो गई है. वर्तमान में किरण भड़ाना हिमाचल प्रदेश कैडर में अपनी सेवाएं दे रही हैं और उपायुक्त (कानून एवं सुरक्षा), लाहौल एवं स्पीति के पद पर कार्यरत हैं. घटना के बाद पुलिस अलर्ट पर हैं. 68 साल के अतर सिंह भड़ाना मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे, वह बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में रह चुके हैं. उनकी मौत के बाद फिलहाल पुलिस अलर्ट पर हैं.
सीएम सुक्खू ने भी उनके पिता के निधन पर दुख जताया है. किरण भडाना के पिता विधायक भी रह चुके हैं.
अतर सिंह भड़ाना का राजनीतिक सफर दिसंबर 2001 में भारतीय जनता पार्टी से शुरु हुआ था. बीजेपी ने उन्हें राजस्थान किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था. संगठन में उनके काम को देखते हुए भाजपा ने 2003 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में उन्हें भरतपुर की बयाना सीट से मैदान में उतारा. इस चुनाव में भड़ाना ने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने 41,377 वोट हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ध्रुवेंद्र सिंह को 19,405 वोटों के बड़े अंतर से मात देकर पहली बार विधानसभा की दहलीज लांघी. वर्ष 2003 से 2008 के अपने कार्यकाल के दौरान वे विधानसभा की जन लेखा समिति (पीएसी) के सदस्य भी रहे.अतर सिंह भड़ाना 2007 में गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान बीजेपी से संबंध बिगड़ने के बाद वो बहुजन समाज पार्टी से जुड़े और फिर कांग्रेस में शामिल होकर विधानसभा चुनाव लड़ा. राजनीति के साथ उन्होंने क्रैशर का व्यवसाय भी शुरू किया. इसके बाद वे 2008 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए, लेकिन वहां उनका सफर लंबा नहीं चला. कुछ ही महीनों में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बसपा ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया. इसके बाद अक्टूबर 2008 में वे कांग्रेस में शामिल हो गए.
