Spread the love

शिमला-21 अक्टूबर. जुब्बल के दोची के समीप एनएच-705 पर मिले नेपाली मजदूर के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने दो नेपाली युवकों को शिमला आईएसबीटी से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, वारदात से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इस दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद मृतक की मौत हो गई। आरोपियों ने कथित तौर पर शव को सड़क किनारे छोड़कर घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्तूबर की रात हटकोटी से मंडोल की ओर जा रहे साहिल और उनके साथियों को दोची के समीप सड़क पर एक व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान सड़क से नीचे नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले। इससे पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस थाना जुब्बल में 19 अक्तूबर को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मृतक की पहचान 33 वर्षीय धीरेन्द्र थापा निवासी नेपाल के रूप में हुई, जो जुब्बल के गांव बाउली में मजदूरी करता था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और क्षेत्र से निकलने का प्रयास किया। वे खड़ापत्थर से पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग के समीप पहुंचे। पुलिस की नाकाबंदी के डर से उन्होंने रात जंगल में बिताई। अगले दिन तड़के वे शिमला से नेपाल भागने की फिराक में निकले, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को आईएसबीटी शिमला में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्य दमाई उर्फ अनिश (27) निवासी जिला गुल्मी और सुमन खड़का (27) निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *