Spread the love

शिमला-31जुलाई. सुक्खू सरकार ने एक बार फिर वरिष्ठ IAS अधिकारी को दो साल का सेवविस्तार दिया है। यह वरिष्ठ अधिकारी वर्तमान में CM के प्रधान सलाहकार हैं। आदेशों के अनुसार वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी IAS राम सुभग सिंह का सेवाविस्तार 1 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा। इस फैसले के साथ प्रदेश में सेवानिवृत्त अधिकारियों को दिए जा रहे सेवा विस्तार का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

बता दें कि राम सुभग सिंह 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें अगस्त 2021 में तत्कालीन जयराम ठाकुर सरकार ने मुख्य सचिव नियुक्त किया था। 31 जुलाई 2023 को सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें अपना प्रधान सलाहकार नियुक्त किया था। अब सरकार ने उनके कार्यकाल में दो साल की और बढ़ोतरी कर दी है।

सरकार के मुताबिक राम सुभग सिंह ने प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों से निपटने, प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने और ऊर्जा क्षेत्र में नीतिगत फैसलों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने के बाद हिमाचल का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विशेष वित्तीय सहायता दिलाने के प्रयासों में भी उनकी अहम भागीदारी रही।

इसके अलावा किशाऊ बांध समझौते, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से जुड़े लंबित मामलों और प्रदेश की पारिस्थितिकी सेवाओं के वैज्ञानिक आकलन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भी उनकी भूमिका बताई जाती है।

हालांकि, यह फैसला ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में सेवा विस्तार की नीति को लेकर लगातार बहस चल रही है। कर्मचारी संगठनों और विपक्ष की ओर से समय-समय पर सेवानिवृत्त अधिकारियों को दिए जा रहे एक्सटेंशन पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। ऐसे में राम सुभग सिंह के कार्यकाल में दो साल की बढ़ोतरी ने इस बहस को फिर हवा दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *