रामपुर-01अगस्त. किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर टापरी के समीप शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे पुराना टापरी के समीप चौगांव नाले के पास हुआ। ऑल्टो कार (एचपी-25ए-6113) सड़क से करीब 100 मीटर नीचे सतलुज नदी के तेज बहाव में जा गिरी।
हादसे की जानकारी काफी देर बाद मिल पाई। सुबह करीब पौने 12 बजे एक राहगीर ने नदी में वाहन का बोनट और टायर देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टापरी पुलिस थाना प्रभारी लालचंद चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन और होमगार्ड की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। उपमंडलाधिकारी भावानगर नेहा नेगी और पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
बचाव टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मृतकों के शवों को सतलुज नदी से बाहर निकाला। मशीनरी की मदद से शवों को तेज बहाव से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
