Spread the love

शिमला-05 सितंबर. राजधानी शिमला के समिट्री इलाके में बंदरों के हमले के बाद छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 63 वर्षीय सत्या देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह करीब एक सप्ताह से आईजीएमसी के आईसीयू में भर्ती थीं। घटना 30 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। सत्या देवी घर की छत पर पानी की टंकियां देखने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह अपना संतुलन नहीं संभाल सकीं और बहुमंजिला मकान की छत से नीचे आंगन में जा गिरीं।

हादसे में उनके सीने में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने के कारण उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। परिजन और पड़ोसी उन्हें तत्काल आईजीएमसी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। करीब एक सप्ताह तक उपचार के बाद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

शिमला में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से चिंता जता रहे हैं। शहर के कई इलाकों में बंदरों के हमले और काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि बंदरों को पकड़ने और नसबंदी की व्यवस्था दोबारा प्रभावी तरीके से शुरू की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *