केलांग-29सितंबर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 7 अक्तूबर, 2026 को प्रस्तावित लाहौल-स्पीति दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अटल टनल नॉर्थ पोर्टल तथा इसके आसपास के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों को नियंत्रित करने के आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना की ओर से जारी आदेश के अनुसार अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और इसके आसपास के क्षेत्र को तत्काल प्रभाव से ‘नो ड्रोन/मानवरहित हवाई क्षेत्र’ घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन अथवा मानवरहित हवाई उपकरण के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
आदेश के तहत क्षेत्र में संचालित सभी विक्रेताओं, पर्यटन संचालकों तथा जिप लाइन, रिवर राफ्टिंग और अन्य संबंधित पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को 5 से 7 अक्तूबर, 2026 तक अपनी गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा क्षेत्र में स्थान घेरकर बैठे सभी विक्रेताओं और संबंधित व्यक्तियों को अपनी अस्थायी अथवा स्थायी व्यवस्थाएं हटाकर आवंटित या कब्जे वाले स्थानों को 30 सितंबर, 2026 तक अनिवार्य रूप से खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेश की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति, उप वन संरक्षक लाहौल वन मंडल केलांग, उपमंडल दंडाधिकारी केलांग और तहसीलदार लाहौल, केलांग को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विक्रेताओं, पर्यटन संचालकों और आमजन से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
