शिमला-01 अक्टूबर. त्योहारी सीजन शुरू होते ही केंद्र सरकार ने जनता को महंगाई का तोहफा दिया है। त्योहारी सीजन के बीच तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 62 रुपये से अधिक बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें आज यानी 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सबसे सीधा असर होटल, रेस्त्रां, ढाबे, कैटरिंग कारोबार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने की संभावना है। गैस की लागत बढ़ने के साथ कारोबारियों के खर्च का बोझ बढ़ सकता है, जिसका असर आगे चलकर खाने-पीने की वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
पहली तारीख को ही महंगाई का बड़ा झटका
अक्टूबर की पहली तारीख को ही LPG के दाम में बढ़ोतरी से कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 2,810 रुपये का हो गया है। सितंबर में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये थी। यानी दिल्ली में एक सिलेंडर पर 62.50 रुपये की सीधी बढ़ोतरी हुई है।
देश के अन्य बड़े शहरों में भी कमर्शियल LPG के नए दाम बढ़ गए हैं। मुंबई में 19 किलो का सिलेंडर अब 2,764.50 रुपये का हो गया है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर 2,983 रुपये पहुंच गई है। कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 2,954 रुपये हो गई है।
तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाने का असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा। हिमाचल में भी इसके दाम 62 रुपए से लेकर 71 रुपए तक बढ़ गए हैं। दाम बढ़ने के बाद अब हिमाचल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 2860 रुपए के आसपास हो गए हैं। हालांकि प्रदेश के अलग अलग जिलों में इसके दाम 5 से 10 रुपए तक आगे पीछे हो सकते हैं।
लगातार दूसरे महीने बढ़े कमर्शियल LPG के दाम
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में यह लगातार दूसरा महीना है, जब बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले सितंबर में भी दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की वृद्धि हुई थी। अब अक्टूबर में एक बार फिर कीमत बढ़ने से व्यावसायिक गैस का खर्च और बढ़ गया है। परिवहन लागत और स्थानीय परिस्थितियों के कारण अलग-अलग शहरों में सिलेंडर की कीमतों में अंतर रहता है। हिमाचल प्रदेश में भी कमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर इसका असर पड़ना तय माना जा रहा है।
