Spread the love

शिमला-02 अक्टूबर. राज्य में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है लेकिन आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने 2 अक्तूबर को जारी राज्य दैनिक मौसम बुलेटिन में अगले कई दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बिलासपुर के बिजाही में 8.2 मिलीमीटर और किन्नौर के नाथपा में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य में कहीं भी हिमपात, गरज-चमक, तेज हवाएं, ओलावृष्टि या कोहरे की स्थिति दर्ज नहीं हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक 5 अक्तूबर को राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 6 और 8 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 अक्तूबर को कई जिलों में बारिश के संकेत दिए गए हैं। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *