Spread the love

केलांग-05 अक्टूबर. जिला शिमला के बाद भाजपा ने जिला परिषद लाहौल-स्पीति में भी बाजी मारी है। सोमवार को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में BJP ने कब्जा किया है। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त एवं जिला परिषद के संबंधित प्राधिकारी किरण भड़ाना की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान जिला परिषद के सभी 09 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपन्न हुई।

उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन परिणाम के अनुसार ठिनले दिचेन पुत्री नवांग टशी, निवासी ग्राम एवं डाकघर काजा, तहसील काजा, जिला लाहौल-स्पीति, हिमाचल प्रदेश को जिला परिषद लाहौल-स्पीति की अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।

उन्होंने बताया कि सुरेश कुमार पुत्र किशन दास, निवासी 20(1), गांव ठोलंग, डाकघर तांदी, तहसील लाहौल, जिला लाहौल-स्पीति, हिमाचल प्रदेश को जिला परिषद लाहौल-स्पीति का उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष ठिनले दिचेन एवं उपाध्यक्ष सुरेश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जिले के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला परिषद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण तथा स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार तथा जिला पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *