शिमला-05अक्टूबर. राज्य में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम केंद्र शिमला की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार छह से नौ अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी होने के भी आसार हैं। मौसम का यह असर 10 और 11 अक्तूबर को भी देखने को मिल सकता है। इन दोनों दिन प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने छह अक्तूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। सात से नौ अक्तूबर तक भी अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश और बर्फबारी के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आने लगेगी। मौसम केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ेगी। छह से नौ अक्तूबर तक मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
