रामपुर-09 अक्टूबर. रामपुर सनेई मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में HRTC की बस (HP 06 A 5159) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सनेई से रामपुर आ रही बस राय के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बता दें कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है। डंसा पंचायत प्रधान पदमा कुमारी ने बताया कि बस हादसे में घायल हुए वंश (20) पुत्र सुरंजन निवासी गांव कराली तहसील रामपुर ने अस्पताल में पहुंचते ही दम दौड़ दिया। उन्होंने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुई। बस में चालक और परिचालक समेत 20 से अधिक लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में एक यात्री की मौत होने और 15 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक 17 घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें दो यात्रियों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क से नीचे गिरने के बाद बस गोशाला के पीछे जाकर रुक गई। इससे बस के और नीचे जाने का खतरा टल गया। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक बस पर नियंत्रण क्यों नहीं रख पाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। घायलों का खनेरी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मृतक और घायलों से संबंधित विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन और पुलिस की ओर से जैसे-जैसे प्रमाणित जानकारी उपलब्ध होगी, हादसे से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
