शिमला-14अक्टूबर. HPSCB बैंक शिमला ने अपने सम्मानित ग्राहकों को आधुनिक और सुलभ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से एम-स्वास्थ्य सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (M-Swasth Solutions Pvt. Ltd.) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बैंक का प्रतिनिधित्व प्रबंध निदेशक विनय सिंह (आईएएस)ने किया। वहीं उप महाप्रबंधक डॉ. राजीव काशिव, सहायक महाप्रबंधक हेम राज, एम-स्वास्थ्य सॉल्यूशंस की ओर से राष्ट्रीय प्रमुख देबल ऋषि बनर्जी और क्षेत्रीय प्रमुख अनूप पराशर समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस महत्वपूर्ण साझेदारी का मुख्य उद्देश्य बैंक के ग्राहकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, किफायती और आसानी से सुलभ बनाना है। इस समझौते के अंतर्गत ग्राहकों को बेहद नाममात्र के प्रीमियम पर 24/7 डॉक्टर-ऑन-कॉल व वीडियो परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके साथ डिजिटल एवं एसएमएस द्वारा दवा का पर्चा (Prescription) तुरंत प्राप्त होगा। इसके अलावा, ग्राहकों को कंपनी के देशभर में स्थित 3350 से अधिक ई-क्लिनिकों में असीमित बार जाने की सुविधा मिलेगी, जहां 47 प्रकार की निर्धारित दवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
इस योजना के तहत 5 सदस्यों तक के परिवार के लिए 1 वर्ष का डिजिटल ओपीडी (OPD) कवर दिया जाएगा, जिसमें असीमित डॉक्टर परामर्श शामिल है। इसके साथ ही ग्राहकों को ई-क्लिनिक पर बुनियादी स्वास्थ्य जांच (Basic Health Check-up) और ओवर-द-काउंटर दवाओं की सुविधा दी जाएगी। स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित जांच को बढ़ावा देने के लिए कंपनी द्वारा प्रत्येक तिमाही में विशेष स्वास्थ्य शिविरों (Quarterly Health Camps) का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों के समग्र कल्याण और सुविधा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। एम-स्वास्थ्य सॉल्यूशंस के साथ यह साझेदारी हमारे ग्राहकों को उनके घर के निकट और डिजिटल माध्यमों के जरिए किफायती तथा विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है।
