शिमला-15अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। लाहौल-स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि प्रदेश के कई मैदानी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। चंबा के साच पास में करीब चार इंच और लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रे में दो इंच तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 72 घंटों के दौरान मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर हिमपात होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के अधिक सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर तेज हो सकता है। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते ठंड का असर और बढ़ सकता है।
