शिमला-17 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश की धरती पर शनिवार सुबह-सवेरे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके शिमला जिले के विभिन्न स्थानों पर महसूस किए गए।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मलोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। भूकंप सुबह 4 बजकर 36 मिनट 27 सेकंड पर आया।इसका केंद्र शिमला से करीब 40 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व (ENE) दिशा यानी नारकंडा-कुमारसैन में रहा और इसका मुख्य केंद्र बिंदु जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। इससे 2 सेकंड तक धरती कांपती रही।
भूकंप से अब तक किसी प्रकार के जान व माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिन्होंने भी भूकंप के झटके महसूस किया वे आश्चर्यचकित रह गए। हालांकि ज्यादातर लोग अपने घरों में सोए हुए थे। जानकारी के मुताबिक नारकंडा-कुमारसैन-रामपुर- श्राईकोटि और कोटखाई समेत कई जगहों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए लेकिन किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।

