Spread the love

शिमला-18 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश में साईबर ठगी का मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शिमला के कुपवी क्षेत्र का है जहां मोबाइल पर ओटीपी आए और बैंक खाते से छह लाख रुपये निकल गए। खाते से पहली बार चार लाख रुपये निकलने के बाद पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया और खाता फ्रीज करने का आग्रह किया। इसके बावजूद खाते से दो लाख रुपये और निकल गए। साइबर ठगी का यह मामला शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र का है। पीड़ित नारायण सिंह ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार नारायण सिंह निवासी गांव सनत, तहसील कुपवी, जिला शिमला के मोबाइल नंबर पर 13 अक्तूबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ओटीपी आए थे। इसके बाद उनके हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के खाते से चार लाख रुपये निकल गए। खाते से बड़ी रकम निकलने के बाद उन्होंने बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया और खाता फ्रीज करने का आग्रह किया। शिकायत के अनुसार इसके बाद भी उनके खाते से दो लाख रुपये और निकाल लिए गए। इस तरह खाते से कुल छह लाख रुपये निकल गए।

इस मामले में 14 अक्तूबर 2026 को पुलिस थाना कुपवी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस थाना कुपवी को साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला से जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर कुपवी थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में दर्ज घटनाक्रम के अनुसार, खाते से पहली निकासी के बाद बैंक से संपर्क करने के बावजूद दूसरी निकासी हुई।

हालांकि, उपलब्ध जानकारी में यह स्पष्ट नहीं है कि रकम किस माध्यम से निकाली गई और ओटीपी का इस्तेमाल किस तरह किया गया। पुलिस शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। जांच में बैंक खाते से हुई निकासी और साइबर ठगी से संबंधित तथ्यों की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *