Spread the love

चंबा-18अक्टूबर. जिला के सलूणी-लंगेरा सड़क मार्ग पर शालियंड मोड़ के समीप एक टाटा पंच गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नागरिक अस्पताल से मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा पंच गाड़ी नंबर HP 81-4131 में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे। हादसे में हरिंद्र कुमार (38), उनकी पत्नी पुनीता देवी (33), रेखा देवी (56) तथा दो छोटे बच्चे समर्थ और सान्वी (दोनों तीन वर्ष) घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना किहार के प्रभारी जगबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि रेखा देवी और समर्थ को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।
सभी घायल सलूणी तहसील के गांव बणी (बढ़ींडा) के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की पुष्टि एसडीपीओ रंजन शर्मा ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *