चंबा-22 अक्टूबर. जनजातीय क्षेत्र भरमौर की होली घाटी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के बीच एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। युवा कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में इस दुखद घटना को लेकर गहरा दुख है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के 22 और 23 अक्तूबर को प्रस्तावित होली दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। इसी क्रम में चंद्रमणी कुलेठी रात के समय पोस्टर, बैनर और झंडे लगाने के कार्य में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
