शिमला,08नवंबर. दीवाली की सुबह राजधानी शिमला के मेहली क्षेत्र में एक भवन में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते भवन की ऊपरी मंजिल इसकी चपेट में आ गई और लगभग पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की सुबह भवन में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, तब तक भवन की ऊपरी मंजिल काफी हद तक जल चुकी थी। घटना में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच में जुटे हैं। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
