Spread the love

शिमला,09 नवंबर. सूबे में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बिजली कड़कने और बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर के लिए अलग-अलग जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और बारिश का अनुमान है। 13 नवंबर को शिमला भी अलर्ट वाले जिलों में शामिल होगा। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं, 11 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। दूसरी ओर, मैदानी क्षेत्रों में सुबह धुंध के कारण दृश्यता घटने लगी है। सोमवार सुबह मंडी में दृश्यता 200 मीटर और सुंदरनगर में 300 मीटर दर्ज की गई।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इसका असर खासतौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में देखने को मिल सकता है। बर्फबारी होने से इन क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और बारिश होने की संभावना है। इन चारों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अगले दिन यानी 13 नवंबर को मौसम खराब होने का दायरा बढ़ सकता है। इस दिन शिमला, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी चलने, बिजली कड़कने और बारिश का येलो अलर्ट है। इन जिलों में भी हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 10 नवंबर से दिखना शुरू होगा। 11, 14 और 15 नवंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

सोमवार को शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। दिन के समय धूप से मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि सुबह और रात को ठंड बढ़ रही है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के साथ सर्दी का असर भी बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *