रामपुर बुशैहर,11 नवंबर. 17वीं शताब्दी से मनाया जाने वाला भारत-तिब्बत व्यापार की सदियों पुरानी यादों को संजोए अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आज से शुरू होने वाला है। बुशहर रियासत की ऐतिहासिक संधि से शुरू हुआ यह सफर आज भी अपनी पारंपरिक पहचान कायम रखे हुए है। वर्ष 1681 के आसपास बुशहर रियासत के शासक राजा केहरी सिंह के समय तिब्बत के साथ व्यापारिक समझौते और मैत्रीपूर्ण संबंध बने थे। इसी परंपरा ने आगे चलकर रामपुर में लवी मेले का रूप लिया।
पुराने समय में तिब्बत, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के व्यापारी यहां पहुंचते थे। तब तिब्बत से ऊन, पश्मीना और मसाले लाए जाते थे। वहीं, बुशहर और किन्नौर क्षेत्र से ऊनी वस्त्र, पट्टू, शॉल, सूखे मेवे, जड़ी-बूटियां और कृषि उत्पादों का कारोबार होता था। मेले में घोड़े, खच्चर और अन्य पशुधन का व्यापार भी प्रमुख था। वर्तमान समय में लवी मेले का स्वरूप काफी बदल चुका है। अब यह केवल पशुधन और पारंपरिक व्यापार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें खेल, मनोरंजन और आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियां जुड़ गई हैं। अब देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी घरेलू सामान, कपड़े और खाद्य सामग्री लेकर यहां पहुंचते हैं। मेले में झूले, डोम और खानपान की दुकानों के साथ पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पहाड़ी वाद्ययंत्र आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
खुनू खांपा समुदाय की प्रदेश अध्यक्ष शांति देवी ने बताया कि मेले की शुरुआत उनके समुदाय की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी है। शुरुआती दौर से ही समुदाय घोड़े, पशुधन, पश्मीना, ऊन और जड़ी-बूटियों का कारोबार करता आ रहा है। समुदाय आज भी इस कारोबारी इतिहास को बरकरार रखे हुए है। 77 वर्षीय टशी डोलमा ने बताया कि वह 10 वर्ष की उम्र से मेले में आ रही हैं। पहले पिता के साथ व्यापार के लिए आती थीं। उनके अनुसार पहले दशकों तक तिब्बत से आयातित सामान यहां बेचा जाता था, लेकिन अब व्यापार में बदलाव आया है।
लवी मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, ने बताया कि मेले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल और मनोरंजन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
