शिमला,15नवंबर. हिमाचल सरकार ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रशासनिक फेरबदल करते हुए हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
जारी आदेशों के अनुसार 2013 बैच के सिद्धार्थ आचार्य, जो तैनाती का इंतजार कर रहे थे, को भाषा कला एवं संस्कृति विभाग में अतिरिक्त सचिव लगाया गया है। राजिंदर कुमार गौतम 2022 बैच को उप सचिव सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर तैनाती दी गई है।
एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर (2022 बैच) को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला लगाया गया है। उनके स्थान पर बचित्तर सिंह (2023 बैच), जो अभी एसडीएम बालीचौकी थे, को एसडीएम जयसिंहपुर लगाया गया है। वहीं, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा रहे विनय धीमान को आगामी तैनाती के लिए कार्मिक विभाग (पूल), हिमाचल प्रदेश सचिवालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
इसी तरह घुमारवीं में सहायक आयुक्त (राजस्व)-कम-तहसीलदार के पद पर तैनात बबीता धीमान (2023 बैच) को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कुल्लू के कार्यालय में लगाया गया है। इससे डॉ. रोहित शर्मा (2019 बैच) जिला पर्यटन विकास अधिकारी कुल्लू अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त हो जाएंगे।
रजत चौधरी (2025 बैच), जो सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी हमीरपुर थे, को इसी पद पर भोरंज लगाया गया है। वहीं, 2026 बैच के कुलवंत सिंह को एसडीएम कुपवी नियुक्त किया गया है। इससे एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा कुपवी के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त हो जाएंगे।
