Spread the love

शिमला,23 नवंबर. हिमाचल प्रदेश सरकार ने पोस्ट कोड 817 के तहत विभिन्न विभागों में नियुक्त जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने इनके नियमितीकरण में आ रही तकनीकी अड़चन को दूर करते हुए कटऑफ डेट की शर्त में एकमुश्त छूट देने का फैसला लिया है। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने 23 नवंबर को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सरकार ने 1 अप्रैल 2026 को जारी नियमितीकरण नीति के तहत अनुबंध कर्मचारियों के लिए 30 सितंबर 2026 की कटऑफ डेट निर्धारित की थी। इस नीति के अनुसार 31 मार्च 2026 तक दो वर्ष का निरंतर अनुबंध सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित किया जाना था। वहीं, 30 सितंबर 2026 तक दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को भी इसके बाद नियमित करने का प्रावधान किया गया था।
हालांकि, पोस्ट कोड 817 के तहत JOA (IT) के पदों पर नियुक्तियों को सरकार ने पूरी तरह मंजूरी दी थी, लेकिन कुछ विभागों में औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया में देरी के कारण नियुक्तियां अलग-अलग समय पर हुईं। कुछ अभ्यर्थियों को सितंबर 2024 या उससे पहले नियुक्ति मिली, जबकि इसी भर्ती प्रक्रिया के अन्य अभ्यर्थियों को अक्टूबर 2024 में नियुक्ति पत्र जारी किए गए

मामले की समीक्षा के बाद सरकार ने विशेष मामले के तौर पर कटऑफ डेट की शर्त में एकमुश्त छूट देने का निर्णय लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पोस्ट कोड 817 के तहत नियुक्त संबंधित कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 से या उस बाद की तारीख से नियमित किया जाएगा, जिस दिन वे दो वर्ष का निरंतर अनुबंध सेवाकाल पूरा करेंगे। दोनों में जो तारीख बाद में होगी, उसी के अनुसार नियमितीकरण किया जाएगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल विशेष मामले के तौर पर दी गई है और इसे भविष्य के मामलों में मिसाल नहीं माना जाएगा। कार्मिक विभाग के अवर सचिव वेद प्रकाश की ओर से जारी आदेश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल स्टोरी