शिमला,23नवंबर. पूर्व विधायक नंद लाल के निधन के बाद रामपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी को बड़ा झटका लगा है। एसडीएम सिविल रामपुर ने कौल नेगी का अनुसूचित जाति (SC) प्रमाण पत्र रद्द करने के आदेश जारी किए हैं। पूर्व भाजपा नेता एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी प्रेम सिंह दरैक की ओर से दायर अपील पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया गया है।
प्रेम सिंह दरैक ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि एसडीएम रामपुर ने अपने आदेश में 29 अक्टूबर 2022 को तहसीलदार रामपुर द्वारा पारित आदेश को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही 16 अगस्त 2022 को जारी कौल नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र भी रद्द कर दिया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौल नेगी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए जिला किन्नौर के सक्षम अधिकारी के समक्ष दोबारा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए किन्नौर के राजस्व अधिकारियों द्वारा नियमानुसार जांच और सत्यापन किया जाना आवश्यक होगा।
प्रेम सिंह दरैक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह कौल नेगी के कथित फर्जी प्रमाण पत्र मामले में पुलिस के समक्ष भी शिकायत दर्ज करवाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस मामले में कौल नेगी को संरक्षण दिया गया। दरैक ने इसे अनुसूचित जाति के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि प्रमाण पत्र जारी करने में नियमों की अनदेखी हुई है।
