Spread the love

नई दिल्ली,25 नवंबर. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 नवंबर को हुई अपनी बैठक में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के नेतृत्व में बड़े बदलावों की सिफारिश की है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है।
कॉलेजियम द्वारा जारी बयान के अनुसार, त्रिपुरा उच्च न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश (जस्टिस एम.एस. रामचंद्र राव) का तबादला कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किए जाने की सिफारिश की गई है। उनके स्थानांतरण के परिणामस्वरूप रिक्त होने वाले पद पर जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर की नियुक्ति का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्र सरकार की औपचारिक मंजूरी और राष्ट्रपति की मुहर लगने के बाद जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करेंगे।
बिलासपुर जिले (घुमारवीं तहसील के लंजाटा गांव) से ताल्लुक रखने वाले जस्टिस ठाकुर का जन्म 16 अप्रैल 1966 को हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एलएलबी (LL.B) में प्रथम स्थान प्राप्त किया और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलएम (LL.M) की डिग्री हासिल की।उन्होंने 1990 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया और हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वकालत की। वे राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता और केंद्र सरकार के वरिष्ठ पैनल वकील भी रहे। 12 अप्रैल 2016 को उन्होंने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *