शिमला,24 नवंबर. प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में रोबोटिक सर्जरी करवाना अब महंगा हो गया है। अस्पताल की रोगी कल्याण समिति (RKS) ने रोबोटिक सर्जरी के लिए मरीजों से लिए जाने वाले यूजर चार्ज में बढ़ोतरी कर दी है। इसके तहत जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को अब रोबोटिक सर्जरी के लिए 60 हजार रुपये चुकाने होंगे, जबकि प्राइवेट वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए यह शुल्क 80 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इससे पहले जनरल वार्ड के मरीजों से 30 हजार और प्राइवेट वार्ड के मरीजों से 50 हजार रुपये लिए जा रहे थे।
रोगी कल्याण समिति आईजीएमसी एवं अस्पताल शिमला की ओर से इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार रोबोटिक सर्जरी की नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। यह निर्णय 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित रोगी कल्याण समिति की कार्यकारी समिति की बैठक में एजेंडा मद संख्या-3 के तहत मिली मंजूरी के बाद लिया गया है।

जारी आदेश में 10 अप्रैल 2026 को जारी पूर्व कार्यालय आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए रोबोटिक सर्जरी के शुल्क संशोधित किए गए हैं। नई दरें सभी श्रेणियों के मरीजों पर लागू होंगी। ऐसे में जनरल वार्ड के मरीजों को अब पहले की तुलना में 30 हजार रुपये अधिक और प्राइवेट वार्ड के मरीजों को 30 हजार रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
इसके अलावा आईजीएमसी प्रशासन ने एक्स-रे की दरों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आदेश के मुताबिक 31 दिसंबर 2020 को जारी कार्यालय पत्र के तहत निर्धारित एक्स-रे यूजर चार्ज को भी तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाएगा।
