शिमला-05 अगस्त.जिला कुल्लू में रेव पार्टी के चलते हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रदेश सरकार ने कुल्लू के उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन लाल-2 का तबादला कर दिया है। सरकार ने आईपीएस अधिकारी अभिषेक एस को तत्काल प्रभाव से कुल्लू का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है जबकि एडीएम सुरजीत सिंह को जिला कुल्लू के उपायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अनुराग चंद्र शर्मा को आगामी नियुक्त के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
वहीं, अभिषेक एस वर्तमान में पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी (लॉ एंड ऑर्डर) के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही उनके पास एसपी साइबर क्राइम (सीआईडी) का अतिरिक्त प्रभार भी था। अब उन्हें तत्काल प्रभाव से कुल्लू जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, एचपीएस अधिकारी मदन लाल-2 (बैच 2006) को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनकी अगली तैनाती के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। रेव पार्टी को लेकर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद ये तबादले हुए हैं। जून 2026 में कसोल के जंगलों में बड़े पैमाने पर रेव पार्टी का आयोजन हुआ था।
रेव पार्टी पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की सख़्ती के बाद ये पहला तबादला है। कोर्ट ने एसपी सहित एसडीएम और डीसी कुल्लू को भी बदलने के आदेश दिये थे। जून 2026 में कसोल के जंगलों में बड़े पैमाने पर रेव पार्टी का आयोजन हुआ था, जिसमें ड्रग्स के इस्तेमाल और विदेशी डीजे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था।
