मंडी-09 अगस्त. सुंदरनगर में एक महिला ने एक व्यक्ति पर घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म करने, सोने के आभूषण चोरी करने और उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाने के साथ मामले की फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शनिवार को थाना में शिकायत दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि 3 और 4 अगस्त की मध्यरात्रि को जीवन नामक व्यक्ति उसके घर के कमरे में जबरदस्ती और बलपूर्वक घुसा। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के बाद आरोपी उसकी अलमारी से करीब पांच तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। शिकायत के अनुसार इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी की ओर से उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। इसके अलावा महिला ने अपनी जेठानी सोमावती पर भी उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। महिला का मेडिकल करवाया गया है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है।
डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है तथा आरोपी को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
