Spread the love

शिमला-09 अगस्त. प्रदेश में मानसून सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार रविवार 9 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में मौसम और बिगड़ने के आसार हैं। 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 12, 13 और 14 अगस्त को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी 8 से 14 अगस्त के बीच 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिलावार पूर्वानुमान में कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कांगड़ा में 9 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मंडी और सिरमौर में भी अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश के दौर की संभावना बनी हुई है। ऊना और हमीरपुर में भी 9 से 11 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। शिमला और सोलन में 9 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 11 और 12 अगस्त को इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *