शिमला-18 अगस्त.हिमाचल की धरती में मंगलवार की शाम अचानक आए भूकंप के दो लगातार झटकों से हड़कंप मच गया। चंबा और कांगड़ा में महज 45 मिनट के भीतर धरती कांप उठी। पहला झटका शाम 6:54 बजे चंबा में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई। अभी लोग इस झटके के डर से उबर भी नहीं पाए थे कि शाम 7:40 बजे कांगड़ा जिले में 4.0 तीव्रता का दूसरा और अधिक तेज झटका आ गया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, दोनों ही भूकंपों का केंद्र जमीन की सतह से केवल 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। गहराई बेहद कम होने की वजह से झटके काफी स्पष्ट और तेज महसूस हुए, जिससे घबराकर लोग एहतियात के तौर पर तुरंत अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस भूगर्भीय हलचल से अब तक किसी भी तरह के जान-माल या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। गौर करने वाली बात यह है कि कांगड़ा और चंबा का यह इलाका भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील ‘सिस्मिक जोन-5’ में आता है, जहाँ अक्सर ऐसी हलचल देखने को मिलती है।
