Spread the love

शिमला-19अगस्त. हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि 14वीं विधानसभा के इस मानसून सत्र में कुल 10 बैठकें निर्धारित की गई हैं। बजट सत्र और मानसून सत्र को मिलाकर विधानसभा की 26 बैठकें पूरी हो जाएंगी, जबकि निर्धारित 35 बैठकों का आंकड़ा पूरा करने के लिए 9 बैठकें शेष रहेंगी, जिन्हें शीतकालीन सत्र में पूरा किए जाने की उम्मीद है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 18 अगस्त तक विधायकों से विभिन्न प्रकार की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। सदस्यों की ओर से 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न भेजे गए हैं। इस प्रकार कुल 1,036 प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं और सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए हैं।
इसके अलावा नियम-62 के तहत 13, नियम-63 के तहत 2, नियम-101 (प्राइवेट मेंबर डे) के तहत 5 तथा नियम-130 के तहत 15 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
पठानिया ने कहा कि मानसून सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मंगलवार शाम 4 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी दलों के नेताओं से सहयोग का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही 90 प्रतिशत से अधिक रही है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए सकारात्मक संकेत है।
वहीं, आगामी मानसून सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और विभिन्न संस्थानों को बंद किए जाने जैसे मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। ऐसे में सत्र के दौरान तीखी बहस और हंगामे की संभावना भी जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *