शिमला-20 अगस्त. कल से शुरू होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर राजधानी शिमला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सत्र के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए करीब 750 पुलिस कर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को तीन मुख्य सेक्टरों तथा विभिन्न उप-सेक्टरों में बांटकर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
दक्षिणी रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक आईपीएस अंजुम आरा और एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन करने को कहा।
शहर के प्रवेश मार्गों शोघी, मेहली, मशोबरा-ढली बाईपास और तवी मोड़ पर विशेष चेकिंग की जा रही है। रात में गश्त बढ़ाने के साथ होटलों, सरायों और अन्य ठहरने के स्थानों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का खुफिया एवं आसूचना तंत्र भी सक्रिय रखा गया है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान लागू किया गया है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता रहेगी तथा आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
आईपीएस अंजुम आरा ने कहा कि सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है और सभी जवानों को पूरी जिम्मेदारी व सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
