शिमला-23अगस्त. शिमला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस ने अणु क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) में अनुबंध आधार पर कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 22 अगस्त को की गई। रोहड़ू पुलिस थाना की टीम PWD स्टोर अणु के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका और नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति की पैंट की जेब से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मादक पदार्थ को कब्जे में ले लिया और सील कर दिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 35 वर्षीय भुवनेश्वर निवासी रोहड़ू तहसील के रूप में की है। उसके खिलाफ पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
