Spread the love

शिमला-29 अगस्त. प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को मजबूत करने के लिए 117 कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की चयन प्रक्रिया के आधार पर इन शिक्षकों को नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। नियुक्त शिक्षकों को 30 हजार रुपये मासिक निश्चित मानदेय दिया जाएगा। यह मानदेय शैक्षणिक वर्ष में केवल 10 माह के लिए मिलेगा। नियुक्ति पांच वर्ष की निश्चित अवधि के लिए अस्थायी आधार पर की गई है। शिक्षकों को कक्षा छठी से बारहवीं तक कंप्यूटर, सूचना तकनीक और इससे जुड़े विषय पढ़ाने होंगे। इसके अलावा जरूरत के अनुसार उन्हें अतिरिक्त कक्षाएं और कमजोर विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक कक्षाएं भी लेनी होंगी।

विभाग ने साफ किया है कि ये शिक्षक नियमित सरकारी कर्मचारी नहीं माने जाएंगे और उन्हें नियमित सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिलेंगी। जरूरत के अनुसार शिक्षा विभाग उन्हें किसी अन्य सरकारी स्कूल में भी भेज सकेगा। छुट्टी पर गए शिक्षकों की जगह या खाली पदों पर भी इनकी सेवाएं ली जा सकेंगी। नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों को कार्यभार संभालने से पहले समझौता पत्र, स्वघोषणा पत्र और सरकारी या पंजीकृत चिकित्सक से स्वास्थ्य प्रमाणपत्र देना होगा। उन्हें आदेश जारी होने के पांच कार्य दिवस के भीतर कार्यभार संभालना होगा, अन्यथा नियुक्ति स्वतः रद्द मानी जाएगी। विभाग ने प्रधानाचार्यों को नियुक्त शिक्षकों के मूल प्रमाणपत्रों, खासकर शैक्षणिक योग्यता की जांच करने के निर्देश दिए हैं। नियुक्ति चरित्र और पूर्व रिकॉर्ड की जांच पूरी होने तक अस्थायी रहेगी। गलत जानकारी, योग्यता में कमी या तथ्य छिपाने की स्थिति में नियुक्ति रद्द की जा सकती है और कानूनी कार्रवाई भी होगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन पांच वर्षों की अस्थायी नियुक्ति से शिक्षकों को भविष्य में नियमित सरकारी नौकरी का कोई अधिकार या प्राथमिकता नहीं मिलेगी। यदि भविष्य में नियमित पदों पर भर्ती होती है तो इन शिक्षकों को भी तय चयन प्रक्रिया या परीक्षा में शामिल होकर योग्यता साबित करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *