Spread the love

मंडी-29 अगस्त. लाहौल से पंजाब गोभी लेकर जा रही एक जीप बीती रात पंडोह के समीप 6 मील के पास अनियंत्रित होकर व्यास नदी में जा गिरी। हादसे में जीप चालक लापता हो गया है, जिसकी तलाश के लिए प्रशासन व एसडीआरएफ (SDRF) का सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांढ़ी गांव निवासी चालक रमेश चंद (पुत्र श्री जगत राम) जीप में गोभी लोड कर पंजाब जा रहा था। हणोगी के पास उसने आढ़ती से फोन पर बात कर बताया था कि उसने हणोगी पार कर लिया है और वह सुबह तक पंजाब पहुंच जाएगा। इसके बाद रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच यह हादसा हो गया। रात के समय दुर्घटना का किसी को पता नहीं चल सका। सुबह जब जीप समय पर पंजाब नहीं पहुंची, तो आढ़ती ने रमेश चंद को लगातार फोन किए, लेकिन फोन उठता नहीं दिखा। इसके बाद आढ़ती ने रमेश के छोटे भाई बालक राम से संपर्क किया। परिजनों ने पंडोह पुलिस की मदद से रमेश के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर जब टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां जीप दुर्घटनाग्रस्त पाई गई।
जीप का एक हिस्सा नदी के पानी में समा चुका है, जबकि वाहन का कुछ भाग और गोभी की बोरियां नदी किनारे झाड़ियों में बिखरी मिलीं। पुलिस ने मौके से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, एसएचओ सदर सुनील और पंडोह चौकी प्रभारी अशोक पठानिया मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने SDRF की मदद से लापता चालक की तलाश के लिए देर रात तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता चालक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *