Spread the love

शिमला-02सितंबर. पुरानी पेंशन योजना की बहाली और आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजित करने की मांग को लेकर बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने बुधवार को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदर्शन किया। इससे पहले हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड  कर्मचारी व अभियंता संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने  राज्य विद्युत बोर्ड के कुमार हाउस स्थित कार्यालय तक रैली निकाली। चौड़ा मैदान में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बिजली बोर्ड के कर्मचारी और नेता पहुंचे। 

प्रदर्शन की शुरुआत से पहले कर्मचारियों ने राज्य विद्युत बोर्ड के कुमार हाउस स्थित मुख्यालय कार्यालय तक एक विशाल रैली निकाली। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी चौड़ा मैदान पहुंचे, जहां एक बड़ी सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा चौड़ा मैदान कर्मचारियों के नारों से गूंज उठा और कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। बोर्ड के नियमित और इंजीनियरिंग विंग के कर्मचारियों को जल्द से जल्द पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। लंबे समय से कम वेतन पर सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करते हुए उन्हें बिजली बोर्ड में पक्का/समायोजित किया जाए। चौड़ा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बोर्ड का कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके प्रदेश को रोशन कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती और आउटसोर्स कर्मियों के लिए ठोस नीति नहीं बनती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह बिना किसी देरी के इन मांगों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय ले, ताकि कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *