Spread the love

शिमला-06 सितंबर. शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संजौली में दो आरोपियों को करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग सात ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में एफआईआर नंबर 65/2026 दर्ज की है। मामला 4 सितंबर 2026 का है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की शाम संजौली पुलिस टीम लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बतीश कॉलोनी के पास चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग सात ग्राम एमडीएम बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह (45) पुत्र लाभ सिंह निवासी सेक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़ और साहिल (23) पुत्र संतोष कुमार निवासी गांव देवग, डाकघर देवला, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस नशीले पदार्थों की खरीद और आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों और नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *