शिमला-10सितंबर. हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की 11 सितंबर को प्रस्तावित बैठक को स्थगित कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 10 सितंबर को जारी आदेश में इसकी पुष्टि की गई है।
आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 11 सितंबर को सुबह 11 बजे हिमाचल प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल, शिमला में प्रस्तावित मंत्रिमंडल बैठक को कुछ अपरिहार्य कारणों के चलते आगामी आदेशों तक स्थगित किया गया है।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होना प्रस्तावित था। इससे पहले बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के मामलों और सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना जताई गई थी।
अब मंत्रिमंडल की अगली बैठक की नई तारीख सरकार की ओर से बाद में तय की जाएगी। संबंधित विभागों और अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।
