शिमला- 13 सितंबर. शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रामपुर में हेरोइन तस्करी मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना रामपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के अभियोग संख्या 96/2026 में 20.630 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सह-आरोपी प्रिन्स ठाकुर (20), निवासी अंब, जिला ऊना को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वह मुख्य आरोपी शिवम कुमार (28), निवासी लुधियाना के संपर्क में था और मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में उसकी सहायता कर रहा था।
ठियोग में 17 ग्राम चिट्टा के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस थाना ठियोग के तहत चायला कैंची क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक वाहन से करीब 17 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। मामले में मोहित गेटा (34) और किंचित चौहान (36), दोनों निवासी कोटखाई, को गिरफ्तार किया गया है।
पुराना बस स्टैंड शिमला में कमरे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद
स्पेशल सेल शिमला ने पुराना बस स्टैंड स्थित एक कमरे में छापेमारी कर करीब 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया। मामले में प्रदीप सिंह (31) और सुखवीर सिंह उर्फ सुखी (33), दोनों निवासी अंबाला, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है।
शिमला पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा तथा सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
