शिमला-13सितंबर. प्रदेश में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य में 18 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में मैदानी और पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हालांकि, अगले सात दिनों के लिए किसी भी जिले में विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, रविवार को राजधानी शिमला में गरज के साथ बारिश हुई। इसके साथ ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 17 सितंबर तक मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। 18 सितंबर को मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों के लिए शुष्क मौसम का पूर्वानुमान है। विभाग ने निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघ गर्जन और बिजली कड़कने की संभावना जताई है। ऐसे में बारिश के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे इलाकों में सावधानी बरतना जरूरी रहेगा।
