Spread the love

शिमला-21सितंबर. राजधानी शिमला में कुत्तों का आतंक लगातार जारी है। शहर के रुल्दूभट्ठा वार्ड के शांकली क्षेत्र में रविवार शाम घर के आंगन में खेल रही दो साल की मासूम बच्ची को लावारिस कुत्ता उठाकर ले गया। नोचते हुए यह कुत्ता बच्ची को घर से करीब 25 मीटर दूर ले गया। पड़ोसियों और लोगों ने कुत्ते को घेरकर किसी तरह बच्ची को छुड़ाया। लहूलुहान हालत में बच्ची को आईजीएमसी ले जाया गया। यहां आपातकालीन वार्ड में अब बच्ची का उपचार चल रहा है।
कुत्ते के काटने से बच्ची के मुंह, पीठ, टांगों समेत कई जगहों पर गहरे घाव हैं। लोअर बाजार के कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि शांकली में उनके भतीजे रमनदीप सिंह का मकान है। रमनदीप सिंह की दो साल की बेटी रविवार शाम करीब 4:00 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते घर के गेट के पास पहुंच गई। अचानक यहां से गुजर रहे एक लावारिस कुत्ते ने काट लिया और घसीटते हुए साथ लगते जंगल की ओर ले जाने लगा। पड़ोसियों ने जैसे ही बच्ची के चिल्लाने की आवाजें सुनीं तो बाहर निकल आए। घर से करीब 25 मीटर दूर कुत्ते को घेरकर बच्ची को किसी तरह लोगों ने इसके चंगुल से बचाया। अभिभावक बच्ची को आईजीएमसी ले गए जहां आपातकालीन वार्ड में उपचार चल रहा है। कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि इलाके में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। कई लोगों को कुत्ते काट चुके हैं लेकिन नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *