शिमला-23 सितंबर.जिला शिमला के नेरवा तहसील की दूरदराज ग्राम पंचायत टेलर में सांप के काटने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जितेंद्र चौहान की बेटियों महक (11) और कनक (8) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 20 सितंबर की सुबह दोनों बच्चियों को कमरे में बेसुध पाया गया। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले त्यूणी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को रोहड़ू अस्पताल और वहां से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले की सूचना नेरवा के तहसीलदार कुश कुमार को दी गई है।
तहसीलदार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि होगी। यदि रिपोर्ट में सांप के काटने से मौत की पुष्टि होती है तो नियमानुसार परिजनों को राहत प्रदान की जाएगी।
