शिमला-24सितंबर. ठियोग क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि उसकी दादी घायल हो गईं। हादसा बुधवार दोपहर चाटोग-सिंखुरी सड़क पर हुआ। पुलिस के अनुसार मीरा उर्फ शकुंतला अपनी नाबालिग पोती को आंगनबाड़ी से घर लेकर जा रही थीं। दोनों सड़क पर पैदल चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई एक पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी। मृतक बच्ची की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पिकअप (HP 63A-4318) को चालक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगने के बाद मीरा और उनकी पोती को उपचार के लिए चियोग ले जाया गया। वहां से दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से IGMC शिमला भेजा गया। पुलिस के मुताबिक आईजीएमसी शिमला ले जाते समय रास्ते में नाबालिग दिव्यांशी की मौत हो गई। उसके शव को आईजीएमसी शिमला की मोर्चरी में रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत आरोपित चालक के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाना ठियोग की पुलिस कर रही है।
