शिमला-28 सितंबर. शिमला के पुलिस थाना पश्चिम में दर्ज कार चोरी मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में चोरी हुआ करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने 19 सितंबर को अपनी गाड़ी ढांडा के ऊपर सड़क किनारे पार्क की थी। अगली सुबह वाहन के पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा मिला और गाड़ी में रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क तथा घड़ी सहित करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी पाया गया। इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिम में अभियोग संख्या 192/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर को लेख राज (38), निवासी बल्ह, जिला मंडी को आईजीएमसी शिमला के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, 27 सितंबर को दूसरे आरोपी जोध सिंह (29), निवासी बल्ह, जिला मंडी को सुंदरनगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन को कब्जे में लेने के साथ-साथ चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
