Spread the love

शिमला-27 सितंबर. हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक का 61वां वार्षिक साधारण अधिवेशन शिमला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में प्रदेश की सहकारी सभाओं के 107 प्रतिनिधियों सहित बैंक के निदेशक मंडल के सदस्यों ने भाग लिया। अधिवेशन का शुभारंभ बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने बैंक निदेशक मंडल के सदस्यों एवं बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह (भा० प्र० से० ) की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया।

अध्यक्ष महोदय ने अपने संबोधन में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक की प्रगति में माननीय मुख्यमंत्री जी का निरंतर मार्गदर्शन, आशीर्वाद एवं पूर्ण सहयोग प्राप्त होता रहा है। अधिवेशन को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बैंक द्वारा अपने सीबीएस (CBS) सॉफ्टवेयर को सफलतापूर्वक ‘Finacle 10.2.25’ पर माइग्रेट करने पर सभी को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि बैंक ने अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप ‘HimPesa’ का नया और उन्नत संस्करण प्रस्तुत किया है, जिससे बैंक के सम्मानित ग्राहकों को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।

अध्यक्ष महोदय ने बैंक की फ्लैगशिप योजनाओं ‘सपनों का संचय’ और ‘सशक्त महिला ऋण योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इनसे हजारों ग्राहक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से इन जनकल्याणकारी योजनाओं को दूर-दराज़ और ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने सहकारिता के सशक्तिकरण हेतु आयोजित विभिन्न गतिविधियों, जैसे कि सहकारिता सप्ताह के दौरान समर्पित सेल्फी पॉइंट और पौधारोपण अभियान (Plantation Drive) की जानकारी भी साझा की।

देवेंद्र श्याम ने बताया कि सभी सहकारी साथियों, बोर्ड सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अथक प्रयासों से बैंक ने निरंतर वृद्धि दर्ज की है। बैंक का कुल व्यवसाय ₹29,315 करोड़ तक पहुँच गया है, जिसमें ₹17,448 करोड़ की कुल जमा (Deposits) और ₹11,868 करोड़ के ऋण एवं अग्रिम (Loans & Advances) शामिल हैं।

किसी भी वित्तीय संस्थान की मजबूती का पैमाना उसकी परिसंपत्ति गुणवत्ता होती है, और इस दिशा में बैंक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने ग्रॉस एनपीए (Gross NPA) को 2.86% और नेट एनपीए (Net NPA) को 0.86% के निचले स्तर पर पहुँचाने में सफलता प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, बैंक द्वारा समय-समय पर ‘एकमुश्त समझौता योजना’ (OTS) लाई जाती है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिन ग्राहकों के कालातीत ऋणों की अदायगी नहीं हो पा रही थी, उन्हें ओटीएस का लाभ प्रदान करते हुए 213 ग्राहकों से ₹17.78 करोड़ की राशि वसूल की गई है। अधिवेशन में उपस्थित विभिन्न सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों, जिज्ञासाओं और शंकाओं का बैंक के निदेशक मंडल (Board of Directors) द्वारा विस्तारपूर्वक एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। अंत में अध्यक्ष महोदय ने सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए सहकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह (भा०प्र०से०) ने सभी प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के समक्ष बैंक के वित्तीय वर्ष 2025-26 के तथ्य एवं आंकड़े (facts and figures) विस्तार से प्रस्तुत किए। उन्होंने बैंक की उन्नति हेतु सभी प्रतिनिधियों से बहुमूल्य सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्रामीण क्षेत्रों को बैंक से जोड़ने और बैंक की योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुँचाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने आगे बताया कि बैंक यह प्रयास भी कर रहा है कि प्रदेश के जो दूर-दराज क्षेत्र अभी तक बैंकिंग सेवाओं से वंचित हैं, वहाँ भी बैंक अपने आउटलेट्स खोलने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि तकनीक के इस युग में प्राथमिक सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिससे वे अधिक स्मार्ट बनेंगी और उनके कार्यों में पारदर्शिता व तेज़ी आएगी।

बैंक द्वारा समय-समय पर अपने ग्राहकों को जागरूक व शिक्षित करने के लिए वित्तीय साक्षरता केंद्रों (FLCs) के माध्यम से जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए बैंक द्वारा मोबाइल एटीएम वैन भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजी जाती हैं, ताकि ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार पर ही नकदी निकासी की सुविधा मिल सके। साथ ही, इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को आजकल हो रहे साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया जाता है। इसके साथ ही, बैंक ने समय की मांग को देखते हुए शाखाओं के आधुनिकीकरण (Modernization) का कार्य भी शुरू कर दिया है, ताकि ग्राहकों को उन्नत बैंकिंग सेवाएं प्रदान की जा सकें और उनके बैठने के लिए उचित व बेहतरीन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *