Spread the love

शिमला-06 अक्टूबर. सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के रोहड़ू दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अनदेखी पर उनके समर्थक मुखर हो गए हैं। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री की जनसभा में लगाए गए पोस्टरों में वीरभद्र सिंह की तस्वीर नहीं होने और मंच से उनका नाम नहीं लिए जाने पर आपत्ति जताई।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह को गुजरे अभी अधिक समय नहीं हुआ है। ऐसे में रोहड़ू जैसे क्षेत्र में उन्हें इतनी जल्दी भुला दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जैसी शख्सियत को कार्यक्रम में याद तक नहीं किया गया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि सभी लोगों को इस बात पर विचार करना चाहिए कि रोहड़ू में आज क्या हो रहा है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति विशेष ने वीरभद्र सिंह का पोस्टर नहीं लगाया था तो कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनकी तस्वीर लगा सकते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा कभी गुटबाजी को बढ़ावा देने की नहीं रही है।

उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी वह नाहन और सिरमौर क्षेत्र में जाती हैं तो प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को याद करना नहीं भूलतीं। इसी तरह उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने भी हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्हें याद किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *