Spread the love

शिमला-06अक्टूबर. कुमारसैन क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाला शातिर आखिरकार पुलिस के हाथ चढ़ गया है। शिमला पुलिस ने डोडा, जम्मू-कश्मीर निवासी 26 वर्षीय जेल सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उन्हें असहाय करता और फिर कानों की बालियां या मंगलसूत्र छीनकर फरार हो जाता था।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी द्वारा कुमारसैन क्षेत्र में तीन वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। इन मामलों में दर्ज एफआईआर के मुताबिक

  • 31 अगस्त: जुब्बड़ के पास सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर कानों की बालियां छीनने का आरोप। इस संबंध में FIR संख्या 69/2026 दर्ज है।
  • 14 सितंबर: कण्डयाली में सुनो देवी से सोने की बालियां छीनने का आरोप। मामले में FIR संख्या 71/2026 दर्ज है।
  • 26 सितंबर: एक ढाबे पर अकेली कनकु देवी का मंगलसूत्र छीनने का आरोप। इस मामले में FIR संख्या 72/2026 दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदातों से पहले कई दिनों तक क्षेत्र में रेकी करता था। वह महिलाओं के आने-जाने वाले रास्तों और सुनसान पगडंडियों पर नजर रखता था तथा कथित तौर पर CCTV कैमरों से बचने की कोशिश करता था।

तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान जेल सिंह (26), पुत्र करण सिंह, निवासी डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में की। उसकी लोकेशन नूरपुर में मिलने के बाद नूरपुर पुलिस के सहयोग से उसे 5 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया और कुमारसैन लाया गया।

पुलिस के अनुसार, कुमारसैन पहुंचने के बाद तीनों पीड़ित महिलाओं ने आरोपी की पहचान की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चंबा के थाना सिहुंता में दर्ज FIR संख्या 16/2026 में स्नैचिंग के मामले में भी वांछित बताया जा रहा है।पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *