Spread the love

शिमला- 15 अक्टूबर. महिला किसान दिवस के अवसर पर शिमला जिला के मशोबरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक महिला किसानों ने भाग लिया। इस दौरान कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, उनके योगदान तथा आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों के प्रसार में उनकी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गईकार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि प्रशिक्षण एवं विस्तार संस्थान के निदेशक डॉ. संतोष गुप्ता ने की। उन्होंने कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों डॉ. उपेंद्र शर्मा और डॉ. संगीता ने महिला किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला किसानों को प्राकृतिक खेती की पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इन तकनीकों को अपनाने और अन्य किसानों तक इनके प्रसार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अतिरिक्त शिमला जिला के सभी विकास खंडों में भी महिला किसान दिवस मनाया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने, उनके अनुभवों को साझा करने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, मशोबरा के सहनिदेशक डॉ. दिनेश ठाकुर, परियोजना निदेशक (आतमा) शिमला डॉ. देवी चंद कश्यप, परियोजना उपनिदेशक (आतमा) डॉ. अनिल ठाकुर सहित आतमा परियोजना के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *