हमीरपुर-16 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जूनियर छात्र के साथ कथित रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच पूरी होने के बाद द्वितीय वर्ष के MBBS के नौ छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही आरोपियों पर 25 हजार से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना भी लगाया गया है।
जांच के आधार पर मामले में संलिप्त तीन छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि अन्य छह विद्यार्थियों पर 25-25 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। इस तरह नौ छात्रों पर कुल 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कॉलेज प्रशासन ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर यह कार्रवाई की है।
शिकायत के अनुसार, एक जूनियर छात्र को अन्य जूनियर विद्यार्थियों के साथ हमीरपुर के भोटा चौक स्थित एक सीनियर छात्र के PG कमरे में बुलाया गया था। आरोप है कि वहां जूनियर छात्रों को सीनियर विद्यार्थियों से नजरें नीचे रखकर बात करने और मुलाकात के दौरान उन्हें ‘डॉक्टर साहब’ कहकर नमस्ते करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जूनियर छात्रों को अपना परिचय देने के लिए एक तय प्रारूप भी दिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विद्यार्थियों को सीनियरों के सामने एक विशेष तरीके से व्यवहार करने के लिए बाध्य किया गया।
मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी ने की। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नौ विद्यार्थियों के खिलाफ निलंबन और जुर्माने की कार्रवाई की गई है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान में रैगिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि रैगिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई को जूनियर विद्यार्थियों के साथ होने वाले अनुचित व्यवहार पर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
